निरंजन अग्रवाल बने पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नए अध्यक्ष, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2025-27 के लिए रविवार को खिरवाल बैंक्वेट हॉल में चुनाव संपन्न हुआ। इस चुनाव में कुल 336 मतदाताओं में से 308 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। देर रात तक चली मतगणना के बाद अध्यक्ष पद के परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के मुकाबले में निरंजन अग्रवाल ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें 172 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कमल लाठ को 135 मतों पर संतोष करना पड़ा। इस तरह 37 मतों के अंतर से निरंजन अग्रवाल को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
उपाध्यक्ष पद पर गौरव मुंधड़ा और छोटेलाल तामसोय विजयी घोषित हुए। गौरव को 221 और छोटेलाल को 175 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके सामने खड़े मुदस्सर इमाम खान उर्फ जैकी को 142 मत मिले। सचिव पद पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें आयुष दोदराजका ने पवन अग्रवाल को 190 बनाम 116 मतों से 74 मतों के बड़े अंतर से हराया। सह-सचिव पद पर मोहित सुल्तानिया 202 और प्रमोद खिरवाल 188 मतों के साथ विजयी रहे, जबकि जगविंदर प्रताप सिंह को 145 मत मिले।
सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चली। इसके बाद शाम 4 बजे मतगणना शुरू हुई और देर रात परिणाम की घोषणा की गई। चुनाव संचालन मुख्य चुनाव पदाधिकारी बजरंग लाल चिरानिया ने किया, जबकि सह चुनाव पदाधिकारी के रूप में दिलीप अग्रवाल और राकेश बुधिया मौजूद रहे। चार पदों पर मतदान हुआ, जबकि अन्य पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में जगन्नाथपुर अनुमंडल उपाध्यक्ष के रूप में संतोष कुमार गुप्ता, चक्रधरपुर अनुमंडल उपाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा और कोषाध्यक्ष शंभू पिरोजीवाला शामिल हैं। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में रमेश पसारी, रवि अग्रवाल, सुष्मिता चटर्जी, राधा मोहन बनर्जी, मोहित चिरानिया, गणेश प्रसाद, अमित ठाकुर, गौतम रूंगटा, अविनाश खिरवाल, प्रकाश उपाध्याय और गौरी शंकर अग्रवाल को जिम्मेदारी मिली।
पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। इसने न केवल संगठन के लिए मजबूती का आधार तैयार किया, बल्कि पूरे जिले के व्यापारिक माहौल में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी किया।