Regional

महिला कॉलेज चाईबासा में टीबी मुक्त झारखंड अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

चाईबासा: महिला कॉलेज चाईबासा में गुरुवार को टीबी मुक्त झारखंड अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें कॉलेज के बी.एड. विभाग की छात्राओं सहित प्राध्यापकगण ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला यक्ष्मा केंद्र, चाईबासा के वरीय चिकित्सा पर्यवेक्षक अवनीश कुमार सिन्हा के संबोधन से हुई। उन्होंने छात्राओं को बताया कि टीबी मुख्यतः दो प्रकार की होती है पल्मोनरी टीबी, जो फेफड़ों को प्रभावित करती है, और एक्स्ट्रा पल्मोनरी टीबी, जो शरीर के अन्य अंगों को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने टीबी के लक्षणों, बचाव के उपायों, तथा इससे जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

इस मौके पर कार्यक्रम के समन्वयक ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि टीबी मुक्त झारखंड का उद्देश्य राज्य को 2025 तक क्षय रोग से मुक्त करना है। यह प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले में कई स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

इसके पश्चात सामाजिक कार्यकर्ता अनूप बागे ने वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से तंबाकू के सेवन से होने वाली हानियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तंबाकू शरीर के कई अंगों को प्रभावित कर गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने तंबाकू निषेध की शपथ भी ली।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्पित सुमन ने किया, जबकि डॉ. राजीव लोचन नमता ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अवसर पर बी.एड. विभाग से मोबारक करीम, डॉ. पुष्पा कुमारी, सितेंद्र रंजन सहित अन्य प्राध्यापक और छात्राएँ उपस्थित थीं।

Related Posts