राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में चाईबासा के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, कई पदक किए अपने नाम

चाईबासा: रांची में आयोजित 25वीं सिल्वर जुबली झारखंड राज्य योगासन एंड स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में चाईबासा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदकों पर कब्जा जमाया। यह प्रतियोगिता श्री अरविंदो सोसायटी फैसल ब्रांच में झारखंड राज्य योगा एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की गई थी।
पश्चिम सिंहभूम योगा एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन से जुड़े 10 सदस्यीय दल ने योगाचार्य सुमित कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया। विभिन्न आयु वर्गों में जिले के प्रतिभागियों ने निम्नानुसार स्थान प्राप्त किए:
45 वर्ष से ऊपर पुरुष वर्ग में सुनील कुमार प्रजापति ने प्रथम स्थान, वहीं देवीलाल महतो ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
35 से 45 वर्ष पुरुष वर्ग में सोम कुमार नायक ने द्वितीय स्थान और महिला वर्ग में चित्र शाह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
30 से 35 वर्ष महिला वर्ग में रश्मि सिंकु को द्वितीय स्थान मिला, जबकि पुरुष वर्ग में सदानंद कुमार साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
25 से 30 वर्ष पुरुष वर्ग में राहुल साहू को पांचवां और प्रदीप कुंभकार को छठा स्थान प्राप्त हुआ।
चाईबासा की टीम ने कुल 22 अंकों के साथ राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।
पश्चिम सिंहभूम योगा एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा, सचिव दीपक प्रसाद एवं झारखंड राज्य योगा एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन खिलाड़ियों को आगामी 50वीं राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता, जो 9 से 12 अक्टूबर तक मैसूर (कर्नाटक) में आयोजित होगी, उसमें भाग लेने का अवसर मिलेगा।