दुमका में आधी रात का खौफ: बुजुर्ग दंपति की हत्या, दो बेटियां गंभीर रूप से घायल

दुमका। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सुंदराप्लान गांव में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि उनकी दो बेटियों पर भी जानलेवा हमला किया गया। हमले में दोनों लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान साहेब हेम्ब्रम (63) और मंगली किस्कु (60) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में उनकी बेटियां हीरामुनि हेम्ब्रम (25) और बेनी हेम्ब्रम (17) शामिल हैं। यह घटना रात करीब दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है।
घायल बेटी ने पुलिस को दी सूचना
हमले के बाद घायल बेटी ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर डायल 112 पर कॉल किया और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका में भर्ती कराया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।