शिक्षक दिवस पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने आयोजित किया भव्य शिक्षक सम्मान समारोह

जमशेदपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से शुक्रवार को मानगो डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर करीब 500 शिक्षक और शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। संघ के संयोजक विकास सिंह और उनके साथियों ने परंपरागत तरीके से शिक्षकों के चरण धोकर और माथे पर कुमकुम लगाकर उनका स्वागत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में कोऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर प्रताप सिंह, जे.के.एस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.पी. सिंह, शरद कवि एवं पूर्व प्रधानाध्यापक शेषनाथ सिंह, जमनीकांत विश्वविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. सुमित सेन, घाटशिला महिला कॉलेज की प्राचार्य पुष्कर बाला, जुस्को स्कूल की कोऑर्डिनेटर रीता मिश्रा और अल कबीर पॉलिटेक्निक के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. जटाशंकर पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने कहा कि शिक्षक का पद अमर है। उनका दिया हुआ ज्ञान आजीवन जीवित रहता है। वे अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं और यही कारण है कि सम्मान के असली हकदार शिक्षक ही होते हैं।
कार्यक्रम में नशा के दुष्परिणामों पर परिचर्चा भी हुई। इस दौरान कवि शेषनाथ सिंह ने नशे से होने वाले नुकसान पर कविता सुनाई। कोऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक त्याग और समर्पण की मूर्ति होते हैं। उन्होंने नशे को दीमक से भी घातक बताते हुए कहा कि यह केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे देश को खोखला कर रहा है।
जे.के.एस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.पी. सिंह ने कहा कि नशे का दायरा लगातार बढ़ रहा है क्योंकि कुछ जिम्मेदार लोग थोड़े से लाभ के लिए इसे बढ़ावा दे रहे हैं, जो भविष्य के लिए घातक साबित होगा।
इस अवसर पर विकास विद्यालय, किरण मेमोरियल स्कूल और ज्ञान गंगा विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आयोजनकर्ताओं ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के विजेताओं को शिक्षाविद छोटे लाल सिंह ने पुरस्कृत किया और धन्यवाद ज्ञापन भी दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास सिंह, कवि शेषनाथ सिंह, डॉ. अमर प्रताप सिंह (प्राचार्य कोऑपरेटिव कॉलेज), डॉ. ए.पी. सिंह (प्राचार्य जे.के.एस कॉलेज), डॉ. सुमित सेन (डायरेक्टर जमनीकांत विश्वविद्यालय), पुष्कर बाला (प्राचार्य घाटशिला महिला कॉलेज), रीता मिश्रा (कोऑर्डिनेटर काशीडीह स्कूल), प्रो. यू.पी. सिंह, डॉ. जटाशंकर पांडे, ज्ञानचंद महतो, कुमारी लक्ष्मी, रीना रंजन, विकास कुमार सिंह, अभय सिंह, आर.के. यादव, सविता देवी, शशिभूषण शर्मा, आलोक मिश्रा, सुनील सिंह, पंकज कुमार शर्मा, शंभू कुमार सिंह, विनोद कुमार, भीम शर्मा, डॉ. वीर सिंह कुंकल, प्रीति बोस, अनिल कुमार शर्मा, मनोज कुमार, अजय कुमार, संजय सिंह, छोटे लाल सिंह, नीलकमल शेखर, संदीप शर्मा, राकेश शाह, विजय सिंह, दुर्गा चरण दत्त, अजय लोहार, शिव साहू, मृत्युंजय साहू, किशोर बर्मन, सुजीत पांडे, सिकंदर प्रजापति, कमलेश सिंह, राहुल गुप्ता, मधु सिन्हा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।