पुस्तकालय और कोचिंग सेंटर खोलने का निर्णय, शिक्षा की ओर बढ़ा खुंटपानी का कदम

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पुरुनियाँ पंचायत भवन में प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों के बीच शिक्षा को लेकर जागरूकता दिखी और सर्वसम्मति से गाँव में पुस्तकालय एवं कोचिंग सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कोल्हान हेल्पिंग हैंड के संस्थापक प्रकाश लागुरी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकालय से गाँव के बच्चे शिक्षित होंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भी करियर गाइडेंस की सुविधा मिलेगी। छठी कक्षा के छात्रों को नवोदय, एकलव्य एवं नेतरहाट जैसे आवासीय विद्यालयों की तैयारी भी नि:शुल्क कराई जाएगी।
प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि जो छात्र प्रशासनिक सेवाओं में जाना चाहते हैं, उनके लिए फिजिकल अकैडमी की भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर रोजगार की दिशा में मार्गदर्शन दिया जाएगा। मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क कोचिंग की भी योजना है।
इस अवसर पर गाँव की महिला समितियों ने भी पुस्तकालय खोलने का समर्थन किया और आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के समापन पर अयोध्या पीड़ के मनकी चंद्रशेखर होनहागा ने पुस्तकालय के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिया और इसे गाँव के लिए एक स्वागत योग्य पहल बताया।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य मेनका होनहागा, सीनी होनहागा, लक्ष्मी होनहागा, सुनीता होनहागा, जेमा होनहागा, बसंती होनहागा, मुनी होनहागा, पूनम होनहागा, नागुरी होनहागा, सतरी होनहागा, डेबरा होनहागा, हीरा होनहागा, मार्शल होनहागा, सतीश होनहागा, जीवन होनहागा, विशाल केसरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
सर्वसम्मति से तय किया गया कि पुस्तकालय का शुभारंभ आगामी 2 नवंबर 2025 को किया जाएगा।
इस निर्णय से गाँव में उत्साह और शिक्षा के प्रति नई उम्मीदों की लहर देखी जा रही है।