नीलडीह में स्कूटी सवार बदमाश का पर्स छीनने का प्रयास, गिरने से मां-बेटे घायल

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के नीलडीह सिग्नल के पास मंगलवार देर रात एक महिला और उसका बेटा स्कूटी सवार बदमाश की हरकत का शिकार हो गए। टाटा मोटर्स में कार्यरत गोविंदपुर निवासी सुरेंद्र सिंह की पत्नी नीतू सिंह अपने छह वर्षीय बेटे सार्थक के साथ साकची से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने उनका पर्स छीनने का प्रयास किया।
नीतू सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए पर्स को मजबूती से पकड़े रखा, जिसके कारण आरोपी पर्स छीनने में नाकाम रहा। लेकिन छीना-झपटी के दौरान मां-बेटा सड़क पर गिर पड़े। गिरने से छोटे सार्थक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और नीतू सिंह के चेहरे पर भी चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई है।
पीड़ित सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पत्नी और बेटे के साथ वे साकची से घर लौट रहे थे, तभी यह वारदात हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।