उलीडीह गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। ओलीडीह ओपी क्षेत्र में हुए गोलीकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई में मुख्य आरोपी सागर प्रसाद उर्फ पाजी और उसका सहयोगी हीरा यादव पकड़े गए हैं। दोनों से पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
बता दें कि घटना जगदम्बा होटल के पास शराब पीने के दौरान विवाद से जुड़ी है। विवाद बढ़ने पर 21 वर्षीय बंटी शर्मा को सागर प्रसाद ने गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
बुधवार को एसएसपी ऑफिस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने जानकारी दी कि विशेष टीम ने रोड नंबर 15, एनएच-33 के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। हीरा यादव के दाईगुट्टू स्थित घर के बरामदे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सागर प्रसाद का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में साकची थाना कांड संख्या 105/2023 (आर्म्स एक्ट) में भी नामजद रह चुका है। फिलहाल, इस गोलीकांड में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश पुलिस कर रही है।