चाईबासा में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

चाईबासा: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के तत्वावधान में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम द्वारा बुधवार को एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फोरम के चेयरमैन राजेंद्र बहादुर पाल, सदस्य साकेत बिहारी सरन और तकनीकी सदस्य आदित्य कुमार उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष संजय चौबे के नेतृत्व में भाग लिया और आम उपभोक्ताओं को हो रही बिजली संबंधी समस्याओं को फोरम के समक्ष प्रमुखता से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित और तत्पर है।
फोरम की ओर से एक शिकायत प्रपत्र और व्हाट्सएप नंबर (9835191175 / 7541520686) भी साझा किया गया, जिसके माध्यम से उपभोक्ता अपनी समस्याएं पंजीकृत करा सकते हैं। यह जानकारी दी गई कि यदि किसी उपभोक्ता की समस्या स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं हो पाती, तो वे उपरोक्त व्हाट्सएप नंबरों के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
कार्यक्रम में चेंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से फोरम के चेयरमैन और अन्य सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष राजीव खिरवाल, दुर्गेश खत्री, संयुक्त सचिव गोविंदा खैतान, विवेक कुमार सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्य निशान चौबे, पियूष गोयल और गोपाल दाहिमा शामिल थे।