सरायकेला में सब इंस्पेक्टर राजेश्वर राम का असामयिक निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर

सरायकेला :शनिवार को जिला बल में तैनात सब इंस्पेक्टर राजेश्वर राम का अचानक निधन हो गया। वे लंबे समय से पुलिस बल में अपनी सेवा दे रहे थे और वर्तमान में जज कॉलोनी के पास ड्यूटी पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को सामान्य रूप से ड्यूटी करते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते वे जमीन पर गिर पड़े। सहकर्मी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें एम्बुलेंस से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की पूरी टीम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस खबर के फैलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक और अफरा-तफरी मच गई। साथी अधिकारियों और जवानों ने कहा कि राजेश्वर राम अपने व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। अचानक हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। बताया जा रहा है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। इधर, जिला पुलिस बल में राजेश्वर राम के निधन से गहरी शोक की लहर दौड़ गई है और सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।