कांग्रेस संगठन सृजन अभियान : मानगो प्रखंड में हुई रायशुमारी, जिला अध्यक्ष चयन प्रक्रिया तेज

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर संगठन सृजन अभियान के तहत मानगो प्रखंड में रायशुमारी बैठक का आयोजन महिंदर बैंक्वेट हॉल, उलीडीह में किया गया। इस अवसर पर एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं विधायक अनंत पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीसीसी पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी और सुंदरी तिर्की भी शामिल हुईं।
बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी पर्यवेक्षक अनंत पटेल ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का मकसद कांग्रेस को मजबूत करना है। उन्होंने प्रखंड पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर जनहित के कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सड़क से लेकर सदन तक जनता की समस्याओं और लोकतंत्र बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे समय में भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ आंदोलन करना हर कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले सात दिनों से प्रखंड स्तर पर रायशुमारी की प्रक्रिया चल रही है, ताकि जिला अध्यक्ष पद पर एक जुझारू और सक्रिय कार्यकर्ता को मौका मिल सके। चयन की अंतिम घोषणा एआईसीसी द्वारा की जाएगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने अभियान से जुड़ने वाले सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं पीसीसी पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी और सुंदरी तिर्की ने कहा कि राहुल गांधी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी ने संगठन को निचले स्तर तक लोकतांत्रिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
बैठक के दौरान प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्षों, जोन अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं ने वन-टू-वन रायशुमारी में अपने विचार रखे। अभियान का संचालन जिला कार्यालय प्रभारी संजय सिंह आजाद ने किया।
इस अवसर पर मानगो प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर कुमार सिंह, आजादनगर मंडल अध्यक्ष फैयाज आलम अंसारी, एमजीएम मंडल अध्यक्ष अखिलेश सिंह, मानगो मंडल अध्यक्ष राकेश दास सहित वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं में ब्रजेंद्र तिवारी, ओम प्रकाश सिंह, मनोज झा, संजय तिवारी, हन्ने भाई, अजय मिश्र, सुरेंद्र गुप्ता, सुबोध पाल, बलवंत सिंह, रेयाज खान, फिरोज खान, शफी अहमद खान, डॉ. समीर कुमार, रविशंकर के. पी., अख्तर भाई, नितेश मित्तल और नलिनी सिन्हा प्रमुख रूप से शामिल थे।