Crime

रांची में सनसनी: चौपाटी रेस्टोरेंट के संचालक विजय की गोली मारकर हत्या, बिरयानी विवाद के बाद हुई घटना,

न्यूज़ लहर संवाददाता

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब कांके रोड स्थित प्रसिद्ध चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात रेस्टोरेंट में कुछ युवक खाना ऑर्डर करने पहुंचे थे।वेज और नॉन-वेज बिरयानी को लेकर पहले हल्का विवाद हुआ, जो देखते-देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। बहस के दौरान एक युवक ने अचानक पिस्टल निकालकर विजय पर गोली चला दी। गोली सीधे उनके सीने में लगी और वे मौके पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस, एसपी ग्रामीण प्रवीण पुष्कर समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि खाने के विवाद में यह वारदात हुई है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजन और क्षेत्रवासियों ने कांके रोड को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की और जाम हटवाया।

यह वारदात न केवल रांची बल्कि पूरे झारखंड में चर्चा का विषय बन गई है। स्थानीय व्यापारी संगठनों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

Related Posts