घाटशिला उपचुनाव 2025: पर्यवेक्षकों ने किया डिस्पैच सेंटर, मतगणना केंद्र और स्ट्रांग रूम का सघन निरीक्षण

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : घाटशिला (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा उपचुनाव 2025 के मद्देनज़र चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की दिशा में तेज़ी से काम हो रहा है। इसी क्रम में आज सामान्य प्रेक्षक राखी विश्वास, पुलिस प्रेक्षक गजराव भूपल और जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने को-ऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर स्थित डिस्पैच सेंटर, मतगणना केंद्र और स्ट्रांग रूम का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों की भौतिक व्यवस्था, सुरक्षा इंतज़ाम, CCTV निगरानी, तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि मतगणना की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा और पारदर्शिता सर्वोपरि
प्रेक्षकों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जैसे ही स्ट्रांग रूम क्रियाशील हो, वहां 24×7 सुरक्षा निगरानी अनिवार्य हो। सभी CCTV कैमरों की मॉनिटरिंग सतत रूप से होनी चाहिए।
साथ ही, उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि EVM की सुरक्षा, मतगणना टेबल की व्यवस्था और स्टाफ का प्रशिक्षण निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप हो।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने जानकारी दी कि प्रशासन चुनाव की हर प्रक्रिया को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सजगता के साथ संचालित कर रहा है। चुनाव को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पूरी टीम समर्पित भाव से जुटी हुई है।