छठ व्रतधारियों के लिए बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की पहल, झारखंड के मानगो में निःशुल्क फल, सुप और पूजन सामग्री का वितरण

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : छठ महापर्व के शुभ अवसर पर झारखंड के मानगो में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से छठ व्रतधारियों के बीच निःशुल्क फल, सुप और पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा।
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम 26 अक्टूबर, दिन रविवार को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वितरण स्थल डिमना मेन रोड स्थित दुर्गा पूजा मैदान (हीरा होटल के समीप) होगा।
संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा व्रतधारियों को कूपन वितरित किए जा रहे हैं, जिनके आधार पर सामग्री दी जाएगी। विकास सिंह ने कहा कि जो भी श्रद्धालु छठ व्रत कर रहे हैं, उन्हें संघ की ओर से इतना प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा कि वे सुगमता से व्रत पूर्ण कर सकें।
उन्होंने आगे बताया कि बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ का मुख्य उद्देश्य धार्मिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी और समाज सेवा के माध्यम से आस्था को सशक्त बनाना है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष संघ इस तरह के सेवा कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है।