जमशेदपुर में तृतीय लिंग समुदाय का भव्य धार्मिक समारोह, राम मंदिर से निकली शोभायात्रा ने खींचा लोगों का ध्यान
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर : जमशेदपुर आज शुक्रवार को तृतीय लिंग समुदाय के ऐतिहासिक धार्मिक समारोह का साक्षी बना। बिष्टुपुर राममंदिर से सुबह 9 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो पूरे उत्साह और धार्मिक आस्था के वातावरण में माइकल जान ऑडिटोरियम तक पहुंची।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, जयघोष और बाल शोभा रथ ने पूरी शोभायात्रा को अद्भुत दृश्य में बदल दिया। इस आयोजन में तृतीय लिंग समुदाय के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और सनातन धर्म की एकता का संदेश दिया।

मुख्य कार्यक्रम बिष्टुपुर के माइकल जान ऑडिटोरियम में आयोजित हो रहा है, जहां जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी मुख्य अतिथि हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर अमरजीत सिंह कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान गीता प्रेस की ओर से सनातन धर्म पर आधारित एक नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया जाएगा। झारखंड के विभिन्न धार्मिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों की उपस्थिति इस कार्यक्रम को विशेष बना रही है।
महामंडलेश्वर अमरजीत सिंह ने कहा कि यह आयोजन तृतीय लिंग समुदाय की धार्मिक पहचान, सम्मान और समानता के लिए एक ऐतिहासिक कदम है।












