जमशेदपुर में तलाकशुदा पति ने डॉक्टर पत्नी पर किया जानलेवा हमला, पुलिस जांच में जुटी
News Lahar Reporter
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजया गार्डेन इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक तलाकशुदा पति ने अपनी पूर्व पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर बिरसानगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना 24 अक्टूबर की बताई जा रही है। पीड़िता डॉ. पूर्णिमा अपने प्लॉट पर गड्ढे वाली जमीन को भरवाने का काम करवा रही थीं। तभी उनके पूर्व पति डॉ. विकास सिंह देव मौके पर पहुंचे और विवाद करने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि विकास ने डॉ. पूर्णिमा पर हमला कर दिया और उन्हें जमीन पर पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
डॉ. पूर्णिमा ने शनिवार को पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि विकास ने ईंट से वार किया, जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उनका आरोप है कि तलाक के बाद भी विकास लगातार उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. पूर्णिमा और डॉ. विकास सिंह देव का तीन साल पहले तलाक हो चुका है। फिलहाल बिरसानगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। और आरोपित की भूमिका की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
—













