Crime

भुइयांडीह में दीपक विभार हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी भेजा गया जेल

News Lahar Reporter

जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत भुइयांडीह कान्हू भट्ठा इलााके में जुए के दौरान हुए विवाद में दीपक विभार नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। सिदगोड़ा थाना पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए वारदात के मुख्य आरोपी अशोक दुबे को बल्ले कांप्लेक्स के पास से गिरफ्तार कर लिया है। अशोक दुबे को गुरुवार को जेल भेज दिया गया है।

दीपक विभार का कत्ल 20 अक्टूबर की रात को हुआ था। घटना रात तकरीबन एक बजे की है। कान्हूभट्ठा में इमली के पेड़ के नीचे जुआ हो रहा था। इसी दौरान यह घटना घटी थी। दीपक विभार को गोली मार दी गई थी। घायल दीपक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस मामले में 21 अक्टूबर को मृतक की मां मधु विभार के आवेदन पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे खंगााले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जरिए यह पता लगाया कि इस घटना को अंजाम देने में अशोक दुबे का हाथ है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फरार आरोपी अशोक दूबे बल्ले कॉम्प्लेक्स के पास देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। अशोक दुबे ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसे लिखा-पढ़ी करने के बाद जेल भेज दिया गया है। आरोपी भूईंयाडीह, ग्वाला बस्ती, लाइन नंबर 1, क्वार्टर नंबर 20 का रहने वाला है। अशोक दूबे पहले भी सिदगोड़ा में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आरोपी रह चुका है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

 

Related Posts