Crime

भूईयांडीह में दीपक विभार हत्याकांड के तीन और आरोपी गिरफ्तार, जमशेदपुर पुलिस ने सिक्सर और पिस्टल की बरामद

News Lahar Reporter

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में दीपावली की रात हुए दीपक विभार हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेम यादव सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल देशी सिक्सर, पिस्टल, दो मैगज़ीन और कुल सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

डीएसपी हेडक्वार्टर–1 भोला प्रसाद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी बाबूडीह कब्रिस्तान इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने वहां छापेमारी की और प्रेम यादव सहित उसके दो साथियों—रौशन यादव एवं अंगद मुखी—को दबोच लिया।

क्या है मामला?

20 अक्टूबर 2025 की रात कानूभट्ठा, भूईयांडीह में दीपक विभार को गोली मारी गई थी। गंभीर रूप से घायल दीपक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस वारदात के बाद पुलिस ने सिदगोड़ा थाना में हत्या का केस दर्ज किया था।

इस तरह खुला पूरा राज़
पुलिस ने सबसे पहले मुख्य शूटर अशोक यादव को गिरफ्तार किया था। रिमांड पर पूछताछ में अशोक ने खुलासा किया कि घटना के समय प्रेम यादव भी उसके साथ था और उसके पास एक सिक्सर (देशी रिवॉल्वर) थी। प्रेम ने घटनास्थल पर हवाई फायरिंग की थी, जिसके बाद अशोक ने दीपक के सीने में गोली मार दी थी।

प्रेम यादव की गिरफ्तारी के बाद, उसकी निशानदेही पर बाबूडीह लाल भट्ठा निवासी रौशन यादव पकड़ा गया। रौशन ने पुलिस को बताया कि उसने हथियार को अंगद मुखी को सौंप दिया था। अंगद मुखी की बताई जगह—भुइयांडीह डंपिंग यार्ड—से पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया।

बरामद किए गए हथियारों में—

* एक देशी सिक्सर
* एक देशी पिस्टल
* दो मैगज़ीन
* सात कारतूस

इसके अलावा अशोक यादव की निशानदेही पर स्वर्णरेखा नदी किनारे से एक और हथियार बरामद किया गया।

पुलिस की जांच जारी
सिदगोड़ा पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित साजिश की दिशा में भी जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।

 

Related Posts