सोनारी में कांग्रेस नेत्री के घर पर चोरी, 10 लाख की नकदी और जेवरात पार
News Lahar Reporter
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर फेज-4 में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव पुनीता चौधरी के घर से चोरों ने करीब 10 लाख रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने दो बजे बताया कि घटना उस समय हुई जब पुनीता चौधरी बीमार होने के कारण पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती हैं और परिवार के सदस्य उनके इलाज में व्यस्त थे।
चोरों ने घर खाली होने का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी में रखे कीमती आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात बेहद सटीक तरीके से अंजाम दी गई। बताया जाता है कि चोरों की गतिविधियां घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई हैं, जिसकी मदद से पुलिस पहचान की कोशिश कर रही है।
सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस चोरी की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़ा कर दिया है। इससे पहले भी सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विजया गार्डन में लगभग 15 लाख की चोरी हुई थी और उसका भी खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात्रि गश्त की कमी और पुलिस की निगरानी में लापरवाही के कारण अपराध बढ़ रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि पुलिस रात में पेट्रोलिंग बढ़ाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे, ताकि चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके।















