रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
NEWS LAHAR REPORTER
गुवा
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ तथा अन्य पदाधिकारियों ने उनके साहस, त्याग और देशभक्ति से प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रतीक थीं,

जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अडिग रहकर देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके संघर्ष और नेतृत्व से आज भी देशवासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी, को साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, सिकंदर पान, रोहित पांडे, चंद्रिका खण्डाईत, किशोर सिंह, राजेश यादव सहित यूनियन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।















