Crime

साकची के विराट होटल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन किलो कीमती कोरल के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

News Lahar Reporter

जमशेदपुर (झारखंड): वन विभाग ने शनिवार को साकची स्थित होटल विराट में छापेमारी कर कोरल तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से करीब तीन किलो बहुमूल्य सफेद कोरल बरामद किया गया, जिसकी तस्करी वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट 1972 के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है।

डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि सुबह उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि होटल विराट में कोरल तस्कर ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई और पुलिस के सहयोग से होटल के कमरा नंबर 316 में दबिश दी गई। छापेमारी में चारों तस्करों—

* हरिचरण गोप (हाट गम्हरिया, पश्चिमी सिंहभूम)
* दीपक कुमार महतो (राहे, रांची)
* प्रमोद कैवर्तो (मांडर, रांची)
* अभय कुमार (धुर्वा, रांची)
को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

कमरे से एक काले रंग का बैग मिला जिसमें सफेद कोरल रखा हुआ था। बताया जाता है कि सफेद कोरल को सबसे कीमती कोरल माना जाता है और इसकी तस्करी देशभर में सक्रिय गिरोहों के जरिए की जाती है।

तस्करों को वन विभाग कार्यालय ले जाकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह झारखंड के कई जिलों में सक्रिय हो सकता है।

यह भी गौर करने वाली बात है कि जमशेदपुर अब प्रतिबंधित वन्यजीवों व उनके अंगों की तस्करी का नया ठिकाना बनता जा रहा है। हाल ही में वन विभाग ने आमबगान के एक होटल से तेंदुए की खाल बरामद की थी, जिसमें सोनारी के एक युवक को गिरफ्तार किया गया था।

Related Posts