Uncategorized

गुवा सेल सिविल विभाग में मरम्मती कार्य बंद होने पर मजदूर संघर्ष संघ का प्रदर्शन, प्रबंधन ने दिया आश्वासन

NEWS LAHAR REPORTER

गुवा

झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने गुवा सेल के सिविल अभियंत्रिकी विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। संघ का आरोप था कि वर्षों से सेल कर्मियों एवं ठेका श्रमिकों के क्वार्टरों की मरम्मती पूरी तरह ठप पड़ी है, जबकि अधिकारियों के आवासों की मरम्मत तेजी से कराई जा रही है। प्रदर्शन के दौरान संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि कई बार लिखित आवेदन देने के बावजूद मजदूरों तथा सेल कर्मियों के जर्जर क्वार्टरों की मरम्मत शुरू नहीं की गई। इससे मजदूर परिवारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। विरोध प्रदर्शन के बीच सेल के मुख्य महाप्रबंधक सी. बी. कुमार ने यूनियन पदाधिकारियों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी जर्जर क्वार्टरों की मरम्मती शुरू कर दी जाएगी।

 

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी क्वार्टरों में टाइल्स लगाने का कार्य भी कराया जाएगा। प्रबंधन द्वारा आश्वासन मिलने के बाद यूनियन ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
मौके पर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, सिकंदर पान, रोहित पांडे, किशोर सिंह, राजेश यादव, चंद्रिका खण्डाईत, संजय सांडिल समेत कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Related Posts