मनोज कुमार शर्मा की किताब *‘Me No Pause Me Play’* पर बनी फिल्म 28 नवंबर को देशभर में रिलीज, झारखंड में प्रमोशन तेज
News Lahar Reporter
चांडिल : मनोज कुमार शर्मा की चर्चित और संवेदनशील किताब ‘Me No Pause Me Play’ पर आधारित फिल्म 28 नवंबर को पूरे देशभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर झारखंड में भी प्रचार अभियान जोर पकड़ चुका है। चांडिल के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड के जनसंपर्क अधिकारी ऋषित भागीरथी और प्रिया प्रधान ने फिल्म से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।
उन्होंने बताया कि निर्देशक समर के. मुखर्जी ने इस अनोखे विषय को बेहद सम्मानजनक और भावनात्मक अंदाज़ में बड़े पर्दे पर उतारा है। फिल्म का टाइटल ट्रैक और गीत “फ़िक्रों” इसके संदेश और भावनाओं को और गहराई देता है। स्क्रीनप्ले और संवाद शकील कुरैशी और मनोज कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से लिखा है।
मेनोपॉज़ जैसे कम चर्चा वाले लेकिन बेहद महत्वपूर्ण विषय पर बनी यह फिल्म भारतीय सिनेमा में एक नई दिशा पेश करने जा रही है। गीत “फ़िक्रों” को मशहूर गायिका उषा उत्थुप और प्रभजीत कौर ने अपनी दमदार आवाज़ में गाया है। संगीत शिवांग माथुर और अमृतांशु दत्ता, जबकि बोल शायरा अपूर्वा ने लिखे हैं।
फिल्म में अभिनेत्री काम्या पंजाबी, दीपशिखा नागपाल, और लेखक-अभिनेता मनोज कुमार शर्मा मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे। साथ ही अमन वर्मा, करण सिंह छाबड़ा महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं, जबकि सुधा चंद्रन की विशेष उपस्थिति फिल्म को और प्रभावी बनाती है।

झारखंड के जमशेदपुर, रांची और बोकारो के सिनेमाघरों में भी यह फिल्म 28 नवंबर 2025 को रिलीज होगी। प्रचार अभियान में अंतर्राष्ट्रीय ज्यूरी अवार्ड विजेता निर्माता सुधीर गोराई, राढ़ बंगला सिनेमा की लोकप्रिय अदाकारा मोनिका सिंह, अभिनेत्री सुस्मिता सरकार और भोजपुरी फिल्म जगत की प्रसिद्ध निर्देशक दीना पांडा सक्रिय रूप से जुड़ी हैं।
उम्मीद है कि गीत “फ़िक्रों” दर्शकों के दिल को छुएगा और फिल्म के प्रति उत्सुकता को और बढ़ाएगा।















