बिष्टुपुर में सरदार 150 यूनिटी वॉक, संविधान की रक्षा और राष्ट्रीय एकता का संकल्प
NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में चल रहे सरदार 150 UNITY वॉक अभियान के तहत बुधवार को बिष्टुपुर में एक भव्य पदयात्रा निकाली गई। भाजपा नेताओं ने बुधवार को 5 बजे बताया कि यह कार्यक्रम जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के दिशा-निर्देश पर मेरा युवा भारत संगठन द्वारा आयोजित किया गया।
पदयात्रा की शुरुआत आदित्यपुर पुल के सामने स्थित सरदार पटेल स्मारक स्थल से हुई। कार्यक्रम की शुरुआत में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया और उपस्थित लोगों को संविधान की रक्षा करने का शपथ दिलाया गया। इसके बाद एकता रैली बिस्टुपुर ट्रैफिक लाइट सिग्नल, एन रोड और आउटर सर्किल रोड होते हुए पुनः स्मारक स्थल पहुंचकर संपन्न हुई।

पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और राष्ट्रीय एकता व सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
इस मौके पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश के एकीकरण के लिए जो योगदान दिया, उसे आने वाली पीढ़ियों को याद रखना चाहिए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में ऐतिहासिक योगदान और आज के समय में राष्ट्रीय एकता की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर दिया।














