Regional

झारखंड: ईचागढ़ में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ JLKM का उग्र विरोध, तरुण महतो की गिरफ्तारी पर भड़का आक्रोश

NEWS LAHAR REPORTER

जमशेदपुर : ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार को लेकर बढ़ते विवाद के बीच JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो की गिरफ्तारी के विरोध में JLKM जिला कमेटी की ओर से उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया गया। धरना स्थल पर सुबह से ही ग्रामीणों, संगठन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी, जहां प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ईचागढ़ और तिरुलडीह थाना क्षेत्र में पुलिस–माफिया गठजोड़ के संरक्षण में अवैध बालू कारोबार खुलेआम चल रहा है। जब कोई व्यक्ति इसका विरोध करता है, तो उसे प्रताड़ित किया जाता है। JLKM ने यह भी दावा किया कि गिरफ्तार नेता तरुण महतो के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार और मारपीट की गई, जो लोकतांत्रिक अधिकारों और कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

धरना में शामिल JLKM प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक संपदा—बालू, गिट्टी और अन्य खनिज—की लूट लगातार जारी है, जबकि आवाज उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इस आंदोलन को झारखंडी समाज के शोषण एवं अन्याय के खिलाफ लड़ाई करार दिया।

JLKM सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी ने कहा कि झारखंड के संसाधनों की लूट रोकने के लिए सभी झारखंडवासियों को एकजुट होना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईचागढ़ और तिरुलडीह के थाना प्रभारी को बर्खास्त नहीं किया गया, तो आंदोलन और अधिक उग्र होगा।

धरना के बाद JLKM प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें तरुण महतो की तुरंत रिहाई, अवैध बालू कारोबार पर पूर्ण रोक लगाने तथा इसमें शामिल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने साफ कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को जिला से राज्य स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।

धरना का नेतृत्व JLKM जिला अध्यक्ष दीपक ने किया।
मौके पर प्रमुख रूप से प्रेम माड़ी, पूजा महतो, बेबी महतो, विदेश्वर महतो और रोहित महतो उपस्थित रहे।

Related Posts