चाईबासा में भाजपा का जनजागरण अभियान प्रारंभ, सेवा और सुशासन के 11 वर्षों को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि 8 से 21 जून तक जिलेभर में विविध कार्यक्रम, हर नागरिक को सहभागी बनाने का आह्वान
चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर चलाए जा रहे विकसित भारत का अमृतकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष जनजागरण अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम भाजपा जिला कार्यालय में भव्य रूप से हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कहा, यह युग गरीब, किसान, महिला और युवा के सशक्तिकरण का प्रतीक है।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं केवल कागज़ पर नहीं, बल्कि ज़मीनी हकीकत बनकर आम जन तक पहुँची हैं। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुवर गागराई ने झारखंड में हुए बदलावों की चर्चा करते हुए कहा कि अब हर गांव सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ रहा है।

पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने महिलाओं को सशक्त करने वाली योजनाओं उज्ज्वला, जनधन, मुद्रा योजना को मोदी सरकार की उपलब्धियों का केंद्र बताया।
जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि यह अभियान केवल सरकार की उपलब्धियाँ बताने के लिए नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि भाजपा बूथ स्तर तक पूरी रूपरेखा के साथ तैयार है।

कार्यक्रम का संचालन अमरेश प्रधान ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अभियान के तहत 8 जून को राष्ट्रीय मीडिया संवाद, 9 से 17 जून तक डिजिटल प्रतियोगिताएं, चौपाल, प्रदर्शनी और 21 जून को मंडल स्तर पर योग शिविर का आयोजन किया जाएगा।















