चाईबासा में महिला दुकानदार 161 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार, पहले भी जा चुकी है जेल
NEWS LAHAR REPORTER
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना क्षेत्र स्थित एक जनरल स्टोर दुकान से पुलिस ने 161 पुड़िया अवैध ब्राउन शुगर बरामद किया है। मौके से दुकान संचालिका संगीता तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने सिद्देश्वर मंदिर के पास स्थित संगीता तिवारी के जनरल स्टोर में छापामारी की। तलाशी के दौरान दुकान के भीतर छिपा कर रखा गया बड़ा स्टॉक पुलिस ने बरामद किया। बताया गया कि गिरफ्तार संगीता तिवारी पहले भी ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त रही है और इसी मामले में जेल की हवा खा चुकी है।

नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा : पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि संगीता तिवारी की गिरफ्तारी नशा माफिया के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धि है।
मामले में सदर थाना कांड संख्या 82/2021, दिनांक 04 अगस्त 2021 दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने जारी किया गिरफ्तारी विवरण
गिरफ्तार संगीता तिवारी (उम्र करीब 50 वर्ष), पति दिवंगत चंद्रशेखर तिवारी, निवासी बड़ा नीमडीह, थाना सदर, जिला पश्चिमी सिंहभूम बताई गईं हैं। पुलिस के अनुसार, उनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। जब्त सामान में 161 पुड़िया ब्राउन शुगर शामिल है।














