धर्मेंद्र के निधन पर रांची के अभिनेता देवेश खान भावुक: “मेरी शादी में आए थे, भाई जैसा अपनापन था
NEWS LAHAR REPORTER
रांची : हिंदी सिनेमा के सदाबहार ही-मैन धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। इस खबर से देशभर में शोक की लहर है। रांची के रहने वाले बॉलीवुड अभिनेता देवेश खान ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
देवेश खान ने कहा, “धर्मेंद्र के जाने से हमें बहुत बड़ा सदमा लगा है। वह सिर्फ एक महान कलाकार ही नहीं, बल्कि बेहद सरल और अच्छे इंसान थे। उनकी कमी हमेशा खलेगी।” देवेश ने बताया कि उनका रिश्तों को निभाने का अंदाज़ अलग ही था। “1986 में मैं अपनी शादी का निमंत्रण देने उनके घर गया था। उन्होंने आने का वादा भी किया और सच में मेरी शादी में शामिल होकर हमें आशीर्वाद दिया। वह मुझे अपने भाई की तरह मानते थे। मेरे उनसे बहुत घनिष्ठ संबंध थे।”

धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में शोले, चुपके चुपके, ड्रीम गर्ल, मेरा गांव मेरा देश जैसी कई यादगार फिल्में दीं। उनका व्यक्तित्व, अभिनय और सरलता ही उन्हें ‘ही-मैन’ की पहचान दिलाती रही।
भारतीय फिल्म जगत और प्रशंसकों के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है।















