रांची: दो गुटों के बीच झड़प और फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल**
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी रांची में पांच जून की देर रात दो गुटों के बीच झड़प की घटना हुई। झड़प के बाद कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोटें आई हैं और उसे इलाज के लिए रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में कई टांके लगाए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार की देर रात किसी बात को लेकर पुरानी रांची के अखाड़ा चौक के पास दो गुट आमने-सामने हो गए। दोनों गुटों के बीच पहले झड़प हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच फायरिंग होने लगी। कई राउंड फायरिंग हुई, लेकिन गोली चलाने वालों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

घटना के बाद स्थानीय लोग देर रात कोतवाली थाना पहुंचे और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फायरिंग में शामिल लोगों की तलाश जारी है।
घटना में घायल युवक को इलाज के लिए रिम्स अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ले जाया गया, जहां उसे तत्काल उपचार दिया गया। युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसके सिर पर कई टांके लगाए गए हैं। पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है।















