Regional

ग्रैंड मास्टर सईद आलम को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, राष्ट्रीय खेल दिवस पर वाराणसी में होगा सम्मान समारोह

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: चाईबासा के प्रख्यात मार्शल आर्ट्स विशेषज्ञ ग्रैंड मास्टर सईद आलम को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें आगामी 29 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वाराणसी के सनबीम स्कूल में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया जाएगा।

यह पुरस्कार मास्टर सईद आलम को आत्मरक्षा और मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में उनके चार दशकों से अधिक के समर्पण, प्रशिक्षण और देशभर में हज़ारों युवाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने न केवल बच्चों और युवाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और जागरूकता के भाव को भी विकसित किया है।

ग्रैंड मास्टर आलम को अब तक 16 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं, जो उनकी उपलब्धियों को दर्शाता है। उनके प्रशिक्षण से लाभान्वित छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बन चुके हैं।

समारोह में देशभर के कई स्कूलों के विद्यार्थी, शिक्षकगण, खेल प्रेमी और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि यह भारत के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित किया जा रहा है, जिसे राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस अवसर पर थाई बॉक्सिंग इंडिया फेडरेशन के फाउंडर पी. वाय. अतर, टेक्निकल चेयरमैन संतोष खैरनार और जनरल सेक्रेटरी सैय्यद इमरान हुसैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इस सम्मान को लेकर चाईबासा समेत पूरे झारखंड में खुशी की लहर है और खेल जगत से जुड़े लोग इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात मान रहे हैं।

Related Posts