Crime

हजारीबाग के तुरांव-पौता गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान आग से बड़ा हादसा, 15 लोग झुलसे

न्यूज़ लहर संवाददाता
हजारीबाग:जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुरांव-पौता गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। परंपरागत कला प्रदर्शन के दौरान आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया, जिससे लगभग 15 लोग झुलस गए। जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान आग्नेय प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी क्रम में जैसे ही आग में डीजल डाला गया, अचानक आग भड़क गई और स्थिति पूरी तरह अनियंत्रित हो गई।

इस हादसे में महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ गंभीर रूप से झुलसे लोगों को रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रबंधन को सभी घायलों के इलाज के लिए निर्देशित किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग के सदर विधायक प्रदीप प्रसाद के प्रतिनिधि साहिल कुमार अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों की मदद की। उन्होंने बताया कि इस घटना में लगभग 15 लोग झुलसे हैं और सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सक लगातार घायलों के इलाज में जुटे हुए हैं। अस्पताल के अंदर का दृश्य बहुत ही पीड़ादायक है और घायल जलन से परेशान हैं। पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और उसके बाद शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भी पहुंची। प्रशासन ने घटना की विस्तृत जानकारी ली और यह भी स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन ने पहले ही आदेश जारी किया था कि आग के साथ कोई भी अखाड़ा करतब नहीं दिखाएगा। इसके बावजूद अखाड़ा के सदस्यों ने आग का कला प्रदर्शन किया, जिसको लेकर जांच की बात कही जा रही है। प्रशासन ने सभी घायलों का इलाज सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन से भी बात की है।

Related Posts