Regional

जमशेदपुर में 23 नवंबर को जम्बू अखाड़ा में पांच जोड़ों का सामूहिक विवाह, कोलकाता की शहनाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा आयोजन

News Lahar Reporter

 

जमशेदपुर : जम्बू अखाड़ा समिति द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 23 नवंबर को होने वाले इस बड़े आयोजन में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ पांच जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। विवाह संस्कार के बाद सभी जोड़ों का रजिस्ट्री ऑफिस में पंजीकरण भी कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता के कलाकार शहनाई वादन करेंगे, जबकि जमशेदपुर के कलाकार सैक्सोफोन प्रस्तुति देंगे।

समिति के संरक्षक बंटी सिंह ने बताया कि इच्छुक वर–वधुओं से एक नवंबर तक आवेदन लिए गए थे। परंपरागत प्रक्रिया पूरी करने के बाद पांच जोड़ों का चयन किया गया है। चयन से पहले दोनों पक्षों की सहमति के साथ हलफनामा तैयार कराया गया और सभी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

चयनित जोड़े

1. अंशु करुआ (हलुदबनी) – प्रियंका मुंडा (मकदमपुर)
2. प्रसन्नजीत नाथ (छोटा गोविंदपुर) – सीता गोसाई (सरजामदा)
3. अविनाश कालिंदी (ईस्ट प्लांट बस्ती) – त्रिशा कालिंदी (उलीडीह)
4. सनी मछुआ (सरजामदा) – गंगा मछुआ (छोटा गोविंदपुर)
5. सोमनाथ (छोटा गोविंदपुर) – ममता गोसाई (सरजामदा)

मेहंदी और विवाह की समय-सारिणी
21 नवंबर की शाम 6:30 बजे सभी कन्याओं की मेहंदी की रस्म आयोजित की जाएगी।
23 नवंबर की सुबह 11 बजे रोहन अखाड़ा से बैंड-बाजे के साथ बारात जम्बू अखाड़ा पहुंचेगी। इसके बाद जयमाला और फिर पांच पुरोहितों द्वारा वैदिक विधि से विवाह सम्पन्न कराया जाएगा।
शाम 4 बजे सभी कन्याओं की विदाई की जाएगी।

अतिथि और व्यवस्था
वर–वधु पक्ष की ओर से 15-15 लोगों को आमंत्रण दिया गया है। लगभग 1000 लोगों के लिए स्वरुचि भोज की व्यवस्था की गई है। कोल्हान क्षेत्र के मंत्री, विधायक, पूर्व राज्यपाल, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व भारतीय क्रिकेटर, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

पूरे आयोजन में प्रवेश केवल प्रवेश पत्र के आधार पर ही मिलेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के 100 से अधिक कार्यकर्ता तैनात रहेंगे।

संवाददाता सम्मेलन में संरक्षक बंटी सिंह के साथ लाइसेंसी रणबीर मंडल, सचिव मधुसूदन गोस्वामी, अध्यक्ष बृज किशोर, उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, रोहित सिंह, बालाकृष्णा प्रसाद, अभिजीत घोष, सुमित सिंह, गौतम धर समेत समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।

 

 

Related Posts