जमशेदपुर में डूरंड कप ट्रॉफी का भव्य अनावरण, राज्यपाल संतोष गंगवार बोले – खेल से बनेगी राज्य की पहचान
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला में 134वें डूरंड कप 2025 के उपलक्ष्य में XLRI सभागार, जमशेदपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में डूरंड कप ट्रॉफी का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन विशिष्ट अतिथि रहे। आयोजन भारतीय सशस्त्र सेनाओं द्वारा किया गया, जिसे झारखंड सरकार का पूर्ण सहयोग प्राप्त है।
इस अवसर पर जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, खेल निदेशक शेखर जमुआर, भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी ब्रिगेडियर मोहित मल्होत्रा, कर्नल परमजीत सिंह डागर, टाटा स्टील के अधिकारी, प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि डूरंड कप का आयोजन झारखंड के लिए गर्व का विषय है। इससे राज्य की खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि फुटबॉल सभी वर्गों के बीच लोकप्रिय खेल है और इससे एकता, अनुशासन तथा टीम भावना का विकास होता है। केन्द्र और राज्य सरकारें युवाओं को खेल के माध्यम से जोड़कर उनकी प्रतिभा निखारने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने ओलंपिक 2036 की मेजबानी का भी दावा किया है। झारखंड के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने आयोजन के लिए भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन को बधाई देते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह टूर्नामेंट खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को प्रोत्साहित करता है।

मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आयोजन राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य के कई युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विभिन्न लोक नृत्य और गीतों की प्रस्तुति से कलाकारों ने समां बांधा। छऊ और संथाली नृत्य के माध्यम से झारखंड की संस्कृति को प्रदर्शित किया गया, जबकि भारतीय सेना के जवानों ने पंजाब का भांगड़ा प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों को फुटबॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
बताते चलें कि 134 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाले डूरंड कप की मेजबानी के लिए दूसरी बार जमशेदपुर को चुना गया है। JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 24 जुलाई से 11 अगस्त तक मुकाबले होंगे, जिसमें जमशेदपुर FC, इंडियन आर्मी FT, त्रिभुवन आर्मी FC (नेपाल) और 1 लद्दाख FC की टीमें हिस्सा लेंगी। 7-8 जुलाई को ट्रॉफी टूर का आयोजन जमशेदपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।















