Crime

जुगसलाई फायरिंग कांड: छह घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार; झारखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई

 

NEWS LAHAR REPORTER

जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दीपक सिंह पर हुई फायरिंग की घटना को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सोमवार शाम 4 बजे बताया कि घटना के महज छह घंटे के भीतर पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। इस टीम ने तेज कार्रवाई करते हुए सन्नी सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार और रॉकी मिश्रा को दबोच लिया।

सूत्रों के अनुसार, सन्नी सिंह एक दिन पहले ही घाघीडीह केंद्रीय कारा से बाहर आया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड देसी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद की। वहीं रॉकी मिश्रा के पास से दो जिंदा गोलियां मिली हैं।

पुलिस ने बताया कि इस मामले के अन्य तीन अभियुक्त राहुल सिंह उर्फ अंतिम पाई, सुजल कुमार गुप्ता और अभिषेक कुमार उर्फ आज़ाद गिरी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार आरोपी सन्नी सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें हत्या और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। रॉकी मिश्रा पर भी पहले से आर्म्स एक्ट का केस चल रहा है।

इस कार्रवाई में डीएसपी तौकिर आलम, जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।

 

Related Posts