मानगो चौक–पारडीह रोड पर फ्लाईओवर निर्माण शुरू, रोड वन-वे; ट्रैफिक व्यवस्था लागू
NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : मानगो चौक–पारडीह रोड पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य गुरुवार से दोबारा शुरू हो गया। सुबह से ही पृथ्वी उद्यान के सामने जेसीबी मशीन द्वारा खुदाई का काम शुरू किया गया। काम शुरू होने से पहले ट्रैफिक पुलिस ने मानगो चौक की ओर जाने वाली सड़क बंद कर दी। अब से मानगो चौक से पारडीह की तरफ आने वाली सड़क पर ही यातायात चलेगा यानी रोड को वन-वे कर दिया गया है।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा पहले जारी की गई नई व्यवस्था आज से प्रभावी कर दी गई है। मानगो में जवाहर नगर रोड नंबर-15 के पास से मानगो चौक की ओर भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। चार पहिया वाहनों को रोकने के लिए सड़क पर बड़े पत्थर रख दिए गए हैं।
फ्लाईओवर निर्माण में आई फिर रफ्तार
स्वर्ण रेखा नदी पर मानगो फ्लाईओवर का काम तेजी से चल रहा है। डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स से मानगो चौक तक निर्माण काफी आगे बढ़ चुका है। मानगो चौक–पारडीह रोड पर अब तक पाइलिंग का कार्य पूरा किया गया था और अब पिअर (स्तंभ) निर्माण का कार्य शुरू होगा। पथ निर्माण विभाग ने 25 नवंबर से निर्माण शुरू होने की घोषणा की थी।
25 नवंबर को शुरू होकर रुका था काम
25 नवंबर को काम शुरू भी हुआ था, लेकिन विधायक सरयू राय के निर्देश पर जदयू नेता पप्पू सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निर्माण रुकवा दिया। पहले जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि डिमना रोड वाला फ्लाईओवर पूरा होने के बाद ही मानगो–पारडीह रोड का कार्य प्रारंभ होना चाहिए। बाद में उन्होंने दावा किया कि इस स्थान पर फ्लाईओवर की आवश्यकता ही नहीं है। काम रुकवाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया।

आज हर हाल में काम शुरू करने का ऐलान हुआ था
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रतिनिधि ओमप्रकाश सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि गुरुवार को हर हाल में फ्लाईओवर निर्माण शुरू किया जाएगा और कोई इसे रोक नहीं सकेगा। अंततः आज काम शुरू करा दिया गया। अंदरखाने यह चर्चा है कि निर्माण रुकने की असली वजह कुछ और थी और कार्यकारी एजेंसी के साथ मामले के सुलझ जाने के बाद काम आगे बढ़ाया गया है।
—
mango-chowk-pardih-road-flyover-nirman-start-oneway-traffic-jamshedpur-jharkhand














