सेवानिवृत्त सैनिक चोकरो कुदादा का चाईबासा में पारंपरिक तरीके से स्वागत*
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में भारतीय सेना के 3 बिहार रेजिमेंट से नायक सूबेदार पद से सेवानिवृत्त चोकरो कुदादा का चाईबासा में भव्य स्वागत किया गया। उन्हें मतकमहातु मुखिया जुलियाना देवगम और ज्योति महिला समूह ने पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर और फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

चोकरो कुदादा ने 24 वर्षों तक देश की सेवा की। मूल रूप से उलीजारी के निवासी इस वीर सैनिक का स्वागत उनके नवनिर्मित आवास तक कमारहातु के सांस्कृतिक दल की अगुवाई में मांदल-मृदंग की धुन पर सामूहिक नृत्य के साथ किया गया। उनके साथ आए गंजिया निवासी सैनिक सोंगा आल्डा का भी स्वागत किया गया।

मौके पर मुखिया जुलियाना देवगम ने कहा कि सैनिक हमारे देश के लिए अपनी जान की बाजी लगाकर सेवा करते हैं। देश सेवा के बाद उनके समाज में लौटने पर उनका स्वागत करना हमारा कर्तव्य है। इस अवसर पर सैनिक की धर्मपत्नी जानकी कुदादा, सुरजा देवगम, अभय चंद्र देवगम, वीर सिंह गोप सहित कई महिला, पुरुष और युवा भी मौजूद थे।















