टाटानगर गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा,तीन अपराधी हुए गिरफ्तार, गए जेल

टाटानगर गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा,तीन अपराधी हुए गिरफ्तार, गए जेल
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग केयरटेकर नीरज दुबे को गोली मारकर जख्मी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान जुगसलाई निवासी आशुतोष सिंह,बागबेड़ा निवासी सिकंदर कुमार प्रसाद और जुगसलाई निवासी रोहित शर्मा के रूप में की गई है।गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
14 मई को टाटानगर रेलवे स्टेशन में पानी बोटल सप्लायर संतोष सिंह के साथ नीरज दुबे और उनके सहयोगियों द्वारा स्टेशन परिसर में मारपीट हुई थी। इस पर संतोष सिंह के रिश्तेदार विशाल सिंह और नीरज दुबे के सहयोगी अमन मिश्रा के साथ फोन पर गाली गलौज और बुरा परिणाम भुगतने की बात कही गई। जिसे लेकर विवाद बढ़ गया और 19 मई को टाटानगर रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में विशाल सिंह और राजा सिंह अपने सहयोगी आशुतोष सिंह,सिकंदर,संतोष सिंह,गोलू यादव, सिंटू सिंह समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर नीरज दुबे पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें नीरज दुबे गोली लगने से घायल हो गए। घायल अवस्था में नीरज दुबे को टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया।इस मामले में नीरज दुबे के रिश्तेदार अमन तिवारी के बयान पर 7 लोगों के विरुद्ध रेल थाना में नामजद और एक अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान जुगसलाई निवासी आशुतोष सिंह,बागबेड़ा निवासी सिकंदर कुमार प्रसाद और जुगसलाई निवासी रोहित शर्मा को गिरफ्तार किया है। उन्होंने अपने स्वीकारोक्ति बयान में इस मामले में अपनी संलिप्तता जाहिर की है। इस संबंध में जीआरपी डीएसपी हिमांशु चंद्र मांझी ने बताया कि विगत 14 मई को संतोष सिंह के साथ नीरज दुबे और उनके सहयोगी के बीच विवाद हुआ था। संतोष सिंह के रिश्तेदार विशाल सिंह और नीरज दुबे के सहयोगी अमन मिश्रा के साथ पुनः विवाद में बात बढ़ गई। विशाल सिंह द्वारा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर नीरज दुबे पर जानलेवा हमला किया गया था। उन्होंने बताया कि 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गोली चलाने वाले विशाल सिंह, राजा सिंह समेत कांड में शामिल अन्य अपराधियों के लिए छापेमारी की जा रही है। बच्चे सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।