Regional

झारखंड बंदी के कारण पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन की ट्रायल रन टली,अब 12 जून को वंदे भारत ट्रेन का होगा ट्रायल रन

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:रांची से पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल रन टाल दिया गया है।अब ट्रायल रन 12 जून को होगा। यह झारखंड बंद के आवाहन पर रेलवे के अधिकारियों ने निर्णय लिया है।
11 जून को पटना से रांची के लिए ट्रेन ट्रायल रन पर चलने वाली थी। लेकिन ट्रायल रन की तिथि में परिवर्तन किया गया है वजह है झारखंड छात्र संगठनों द्वारा दो दिवसीय झारखंड बंद का आह्वान।झारखंड छात्र संगठन ने10 और 11 जून को झारखंड बंद का ऐलान किया है। जिसका असर शहर में दिख रहा है।

हटिया रेल मंडल ने रेल मंत्रालय को लिखा पत्र
राजधानी रांची में छात्र नेता 60-40 नई नियोजन नीति के खिलाफ सड़कों पर उतर आए है।छात्रों के इसी बंद के आह्वान के बाद सुरक्षा के मद्देनजर हटिया रेल मंडल ने रेल मंत्रालय को पत्र लिखा है। वहीं पत्र का जवाब देते हुए मंत्रालय ने ट्रायल रन की तिथि 12 जून को तय की है।

पटना से रांची 6 घंटे पहुंचेगी ट्रेन
ट्रायल के दौरान वंदे भारत की ट्रेन पटना से 12 जून की सुबह 6:55 बजे खुलेगी जो दोपहर 1 बजे रांची पहुंचेंगी।इसके बाद ट्रेन फिर से 2:20 पर राजधानी रांची से पटना के लिए निकलेगी। यह ट्रेन पटना, गया, कोडरमा हजारीबाग, बरकाकाना, होते हुए राजधानी रांची पहुंचेगी। और रांची पहुंचने के बाद फिर उसी रेल मार्ग से वापस पटना के लिए निकलेगी। उद्घाटन स्पेशल के रूप में पहले दिन यह वंदे भारत एक्सप्रेस की ट्रेन पटना से रांची और रांची से पटना के बीच चलाई जाएगी। ट्रायल रन के दौरान ट्रेन में सिर्फ पैसेंजर को छोड़ सभी टेक्निकल स्टाफ ड्राइवर गार्ड शामिल रहेंगे। इस बीच ट्रेन की रफ्तार 120 किलोमीटर से 160 किलोमीटर रहेगी। ट्रायल रन सफल होने पर जल्द ट्रेन की उद्घाटन तारीख और भाड़े की घोषणा की जाएगी।

6 जून को पटना पहुंच चुकी है ट्रेन
पटना टू रांची चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के 8 कोच वाली ट्रेन चेन्नई से पटना पहुंच गई है। यह मंगलवार (6 जून) की शाम करीब 4 बजे ट्रेन बिहार के बक्सर पहुंची जो आगे बढ़ते हुए कुछ देर के लिए आरा में रुकी। यहां पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद लोगों ने ट्रेन को छूते हुए सेल्फी लेनी शुरू कर दी थी।

भारत में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन यानी वंदे भारत एक्सप्रेस का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब उनका इंतजार खत्म हो गया है और ट्रेन 6 जून की शाम चेन्नई से पटना के लिए निकली 8 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस बिहार के पटना पहुंच चुकी है। यह ट्रेन पटना के राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स पहुंचकर रुकने वाली थी मगर राजेंद्र नगर स्टेशन की यार्ड में जगह नहीं मिलने पर ट्रेन को पटना जंक्शन प्लेटफार्म नंबर 7 पर रोका गया।

इन स्टेशनों से इतने समय में गुजरेगी वंदे भारत एक्सप्रेस

पटना से रांची के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 6 घंटे में अपनी समय दूरी तय करेगी। पटना से रांची के बीच नई रेल लाइन बिछाई गई है। जहां से वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन पटना से खुलते हुए जहानाबाद और गया होते हुए झारखंड में इंट्री करेगी। जो कोडरमा, हजारीबाग, बरकाकाना, सिधवार सांकी, टाटी सिल्वे से होते हुए राजधानी रांची पहुंचेगी। नई रेल लाइन में बरकाकाना का रुट एकदम से नया है जिसमें सबसे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन होगा।

ट्रेन में बैठ सकते है 530 यात्री

बताया जा रहा है कि पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन का सेकेंडरी मेंटेनेंस पटना का राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स में होगा। वहीं ट्रेन का प्राइमरी मेंटेनेंस रांची में होगा। वंदे भारत एक्सप्रेस के मेंटेनेंस के लिए राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स को पूरी तरह तैयार किया गया है। इससे पहले जिन रेल लाइन पर वंदे भारत का संचालन किया जा रहा है वहां पर अधिकतर वंदे भारत 16 कोच वाली ट्रेन है। पटना से रांची रूट पर यात्रियों के कम होने के कारण इस रूट पर 8 कोट वाली ट्रेन के संचालन का फैसला लिया गया है। रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन में करीब 530 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है।इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस में एक लग्जरी, 5 सामान्य और 2 ड्राइवर कोच शामिल है।

Related Posts