Education

बेहतर वातावरण दें बच्चों को ताकि नियमित स्कूल जायें:-उपायुक्त *जिला स्तरीय ‘स्कूल रूआर-2023 की बैठक सम्पन्न

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार स्थानीय दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन में जिला स्तरीय ‘स्कूल रूआर-2023 बैठक’ का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त पलामू आंजनेयुलु दोड्डे ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त पलामू के साथ पलामू उप विकास आयुक्त रवि आनंद,सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश साह, पलामू डी.ई.ओ.,पलामू डी.एस.ई., विश्रामपुर विधायक प्रतिनिधि रामचन्द्र यादव, हुसैनाबाद विधायक प्रतिनिधि अजित सिंह,पांकी विधायक प्रतिनिधि प्रकाश मेहता व पाटन विधायक प्रतिनिधि श्री अरूण दूबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्वागत भाषण पलामू जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अनिल कुमार चौधरी ने किया। वहीं धन्यवाद ज्ञापन पलामू जिला शिक्षा अधीक्षक श्री मनोज कुमार ने किया। जबकि संचालन शिक्षक परशुराम तिवारी ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री आंजनेयुलु दोड्डे ने कहा कि शिक्षा,सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है और ‘स्कूल रूआर-2023’ एक महत्त्वाकांक्षी अभियान है। इसे सामूहिक सहभागिता से सफल बनाना है। हमारे पास बेस्ट शिक्षक हैं तो परिणाम भी बेस्ट होना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक स्टेकहोल्डर्स का आह्वान करते हुए कहा कि आपके पास एक मौका है कि आप सब एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण कार्य में अपनी ईमानदार भूमिका निभायें। हम मिलकर ऐसा वातावरण बनायें कि बच्चे नियमित स्कूल जायें। उनकी बेहतर शिक्षा में कोई कोताही न हो।

पी.पी.टी.के माध्यम से ए.पी.ओ.श्री अशोक कुमार रजक ने स्कूल रूआर-2023 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय स्तर पर इसे 15 जुलाई 2023 तक चलाया जायेगा। इस दौरान सुनिश्चित हो कि सभी बच्चे विद्यालय में नामांकित हो जाय तथा उनका ठहराव हो। वहीं ए.पी.ओ.श्री जान मुथू ने शिशुपंजी के अद्यतीकरण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। सभी विधायक प्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में सक्रिय सहयोग के लिए संकल्प प्रकट किया।

बैठक में उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे के अलावे, उप विकास आयुक्त रवि आनंद, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बी.पी.ओ., बी.पी.एम.,बी.आर.पी.,सी.आर.पी., शिक्षकगण सहित अन्य लोग उपस्थित थे। इसे सफल बनाने में ए.डी.पी.ओ.उदय कुमार सिंह, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी अमृता सिंह, हरेंद्र तिवारी,बी.ई.ई.ओ बलराम पाठक, जीतवाहन सिंह,महेंद्र प्रजापति, रामानंद सिन्हा,शिक्षा कर्मी शादाब हुसैन,राजीव चौबे,मुकेश कुमार सिन्हा,वीरेन्द्र तिवारी, रामसरेख पाण्डेय, विजय कुमार शुक्ल,जावेद अंसारी व विनोद तिवारी ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभायी।

Related Posts