_वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की आज से हुई शुरुआत…. वंदे भारत ट्रेन के 20 KM का किराया 690 रूपये, रांची से पटना तक का किराया 2110 रूपये, किराया को लेकर लोगों में नाराज़गी

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:रांची और पटना के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की आज शुरुआत हो गयी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रांची से पटना के लिए रवाना किया। प्रधानमंत्री मोदी ने आज देश को रांची पटना समेत पांच वंदे भारत की सौगात दी है। वही इस ट्रेन के किराए ने लोगों को चौंका दिया है।लोगों में इसको लेकर नाराजगी देखी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि वंदे भारत ट्रेन की किराया में कटौती की जाए।
पीएम ने रांची-पटना के अलावा खजुराहो-भोपाल-इंदौर, जबलपुर-भोपाल, धारवाड़-बेंगलुरु और गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रांची रेलवे स्टेशन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ, सांसद आदित्य साहू, सांसद दीपक प्रकाश, सांसद सीपी चौधरी, झारखण्ड सरकार के मंत्री चंपई सोरेन और रांची के विधायक सीपी सिंह मौजूद थे।
पटना से रांची की दूरी को 6 घंटे में पूरा करेगी। ट्रेन की शुरुआत से ज्यादा इसके किराए को लेकर चर्चा हो रही है
रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के किराए ने यात्रियों के होश उड़ा दिए है।इसे लेकर बिहार दैनिक यात्री संघ भी काफी नाराज है।
20 किलोमीटर के देने होंगे 690 रूपये:
पटना से रांची के लिए जहां एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1930 रुपया और चेयरकार का 1025 रुपया है। वहीं, रांची से पटना के लिए एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया बढ़कर 2110 रूपये और चेयरकार का 1175 रूपये है।इसके अलावा रांची से मेसरा की दूरी 20 किलोमीटर होने के बावजूद इसके लिए एग्जीक्यूटिव क्लास में 690 रूपये और चेयर कार में 365 रूपये किराया है।
किराए की राशि कम करने की मांग:
यात्री संघ ने बताया कि रांची से मेसरा की दूरी मात्र 20 किलोमीटर ही है। और वंदे भारत के एग्जीक्यूटिव क्लास में इसके लिए 690 रूपये और चेयरकार में 365 रूपये कर दिया गया है। जो सरासर अनुचित है।यात्रियों से यह सीधे तौर पर पैसों की लूट है। रांची से मेसरा तक एग्जीक्यूटिव क्लास में अधिकतम भाड़ा 150 रूपये और चेयरकार में 60 से 80 रूपये होना चाहिए। यात्री संघ ने सरकार से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वंदे भारत के दोनों तरफ का किराया एक समान करें और रांची से मेसरा के किराए को कम करें।