Regional

पोप के निधन पर कांग्रेस ने जताया शोक, कहा – उनकी स्मृतियां रहेंगी अमर*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में रोमन कैथोलिक चर्च के सर्वोच्च धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन पर पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कांग्रेसजनों ने उन्हें करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन मानवता की सेवा और प्रभु यीशु मसीह के आदर्शों को समर्पित था।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने सोमवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पोप फ्रांसिस का निधन पूरी दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने न केवल विश्व के करोड़ों ईसाइयों को आध्यात्मिक दिशा दी, बल्कि वैश्विक शांति, भाईचारे और सामाजिक न्याय के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे मानवता की सेवा को ही धर्म का मूल मानते थे।

उन्होंने कहा, “पोप फ्रांसिस को सदैव उनके करुणामय स्वभाव, सहजता और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदना के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने हमेशा प्रेम, सहिष्णुता और शांति का संदेश दिया।”

जिला कांग्रेस कमिटी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे पोप फ्रांसिस की आत्मा को चिरशांति प्रदान करें और उनके अनुयायियों को इस दुखद घड़ी में संबल दें।

पोप फ्रांसिस की शिक्षाएं और जीवन दर्शन आज के समय में भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उनका निधन न केवल ईसाई समुदाय, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक बड़ी क्षति है। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सच्चे आध्यात्मिक मार्गदर्शक और मानवता के प्रहरी के रूप में श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Posts