आक्रोश प्रदर्शन की तैयारी को लेकर मझगांव में भाजपा की समीक्षा बैठक संपन्न चार प्रखंडों में सौंपा जाएगा ज्ञापन, भ्रष्टाचार के खिलाफ होगा जनआंदोलन

चाईबासा/मझगांव: झारखंड सरकार के खिलाफ भाजपा द्वारा राज्यव्यापी आक्रोश प्रदर्शन के तहत 24 जून को मझगांव विधानसभा क्षेत्र के चार प्रखंडों में प्रदर्शन की तैयारी को लेकर सोमवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई के आवासीय कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें मझगांव, कुमारडुंगी, मंझारी और तांतनगर मंडल के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री गागराई ने कहा कि झारखंड सरकार की भ्रष्टाचारपूर्ण नीतियों, विकास कार्यों की ठप स्थिति और जनविरोधी रवैये के खिलाफ यह आक्रोश प्रदर्शन बेहद जरूरी है। उन्होंने अपने सहयोगियों से अपील की कि 24 जून को चारों प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित आक्रोश प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता भाग लें और प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपें।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन आम जनता की आवाज़ है, जिसे दबाया नहीं जा सकता। भाजपा कार्यकर्ता हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरते रहे हैं और आगे भी जनकल्याण के लिए संघर्षरत रहेंगे।
ज्ञात हो कि भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार राज्यभर के सभी मंडलों में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मझगांव विधानसभा क्षेत्र के चारों प्रखंडों में भी प्रदर्शन की तैयारी जोरों पर है।
बैठक में मंडल अध्यक्षों सहित प्रमुख कार्यकर्ता थे, जिनमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल थे, सभी ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई और प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लिया।