चाईबासा में असाध्य रोग समिति की बैठक संपन्न, चार कैंसर मरीजों के इलाज हेतु स्वीकृत हुई 17.87 लाख की सहायता राशि

चाईबासा: मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत चाईबासा सदर अस्पताल में असाध्य रोग समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा ने की। इस दौरान कैंसर से पीड़ित चार मरीजों के कागजातों की जांच-पड़ताल कर इलाज के लिए कुल 17.87 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई।
चार मरीजों को मिली उपचार सहायता
ज्योति बिंधानी (30 वर्ष), ग्राम- बिनका, प्रखंड- सोनुवा, जो लंग कैंसर से पीड़ित हैं और रांची स्थित कैंसर अस्पताल में इलाजरत हैं, उनके इलाज हेतु ₹3.54 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की गई।
जूलियाना बोईपाई (37 वर्ष), ग्राम- देवाबीर, प्रखंड- सोनुवा, जिनका इलाज मेहरबाई कैंसर अस्पताल, टाटा में चल रहा है, उन्हें ₹4.84 लाख की राशि दी जाएगी।
अविनाश कश्यप (11 वर्ष), ग्राम- चंद्रजारकी, चक्रधरपुर, जो ब्लड कैंसर से ग्रसित हैं और मेहरबाई कैंसर अस्पताल, टाटा में उपचाराधीन हैं, उनके लिए ₹4.49 लाख की राशि स्वीकृत की गई।
वीणा हेंब्रम (41 वर्ष), ग्राम- मुरुमबुरा, प्रखंड- टोंटो, जिनका इलाज 111 सेव लाइफ हॉस्पिटल, आदित्यपुर में चल रहा है, उनके इलाज के लिए ₹5 लाख की स्वीकृति दी गई।
बैठक में झारखंड सरकार के मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा के प्रतिनिधि के रूप में अधिवक्ता राजाराम गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जानी चाहिए, ताकि पात्र लाभुक इसका फायदा उठा सकें।
इस अवसर पर डॉ. बारियल मार्डी, डॉ. पॉलिना मुंडू, प्रधान लिपिक सुभाष सोरेन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सभी लाभुकों के दस्तावेजों की विधिवत जांच कर पारदर्शिता के साथ सहायता राशि स्वीकृत की गई।
यह योजना राज्य सरकार की ओर से असाध्य बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों के लिए शुरू की गई एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य समय पर इलाज सुनिश्चित कर मरीजों को राहत देना है।