NEWS LAHAR REPORTER
घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, छठ से पहले सभी कार्य पूरे करने पर जोर
जमशेदपुर। लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मानगो नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मानगो की मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता एवं अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव ने मंगलवार को मानगो क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मेयर एवं अपर नगर आयुक्त ने इंटेकवेल छठ घाट, कुंवर बस्ती, चाणक्यपुरी छठ घाट, वास्तु विहार छठ घाट, कृष्णा नगर छठ घाट, श्याम नगर, रामनगर और शंकोसाई छठ घाट का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यक मरम्मत एवं साफ-सफाई से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
घाटों की मरम्मत और साफ-सफाई पर विशेष जोर
मेयर सुधा गुप्ता ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चबूतरों की मरम्मत, सीढ़ियों के रंग-रोगन और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा घाटों पर चेंजिंग रूम एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था करने तथा पूरे परिसर की साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता बेहद जरूरी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
छठ से पहले सभी कार्य पूरे करने का निर्देश
मेयर सुधा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व शुरू होने से पहले सभी घाटों पर जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि छठ लोकआस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इसलिए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है, ताकि सभी व्रती श्रद्धापूर्वक भगवान सूर्य की उपासना कर सकें।
नगर निगम की ओर से घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है, जिससे छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।

