जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन नारकोस के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम ने 36.5 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुट्टी के निर्देश पर पूरे मंडल में नशे के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम ने टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर कार्रवाई की। समलेश्वरी एक्सप्रेस से उतरे तीन युवक पिट्ठू बैग और ट्रॉली बैग लेकर नए फुट ओवरब्रिज के रास्ते स्टेशन से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे। संदेह होने पर जब जवानों ने उन्हें रोका और तलाशी ली, तो बैगों से प्लास्टिक में पैक गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के रुपरा से ट्रेन में चढ़ाया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के वाराणसी ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंजूर अली (22) निवासी पश्चिमी चंपारण, विवेकानंद गुप्ता (23) निवासी कुशीनगर और अशोक गिरी (40) निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरपीएफ ने तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल थाना को सौंप दिया है।
आरपीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन नारकोस के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

