जमशेदपुर : Jamshedpur के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गाजाडीह इलाके में रविवार दोपहर अचानक एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में भुवनेश्वर प्रसाद के एस्बेस्टस से बने घर में रखा लगभग सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
बताया गया कि घटना के समय भुवनेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी लक्की प्रसाद मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। घर में उनकी बेटी अकेली थी। बेटी के अनुसार वह दूसरे कमरे में काम कर रही थी, तभी अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते धुआं और आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
बेटी की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
स्थिति बिगड़ते देख उसने तुरंत घर से बाहर निकलकर शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी खबर दी गई, लेकिन गली संकरी होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका।
दो घंटे की कड़ी मशक्कत
स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा टीवी, कपड़े, बर्तन, जरूरी कागजात और बहन की शादी के लिए रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। घर में रखी नकद राशि भी आग की भेंट चढ़ गई।
पीड़ित वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस आग लगी में लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

