NEWS LAHAR REPORTER
डीजे पर रोक, रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम बंद रखने का निर्देश
गुवा। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार देर शाम गुवा थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किरीबुरू अनुमंडल के एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो एवं किरीबुरू इंस्पेक्टर समीर तिर्की ने की। बैठक में पुलिस प्रशासन ने विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, ध्वनि प्रदूषण एवं अग्नि सुरक्षा को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष गुवा थाना क्षेत्र में कुल नौ स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। इनमें रामनगर, विवेक नगर, कैलाश नगर, नुईया रुगंटा कॉलोनी, बिरसा नगर-2, कल्याण नगर, कारोकुंज हिरजीहाटिंग, घाटी मां वन देवी मंदिर तथा बेतरकिया स्थित पूजा पंडाल शामिल हैं।
डीजे पर पूरी तरह रोक, रात 10 बजे तक ही साउंड सिस्टम
पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। सामान्य साउंड सिस्टम का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन उसे रात 10 बजे के बाद बंद करना अनिवार्य होगा। पंडालों में केवल धार्मिक एवं भक्ति गीत बजाने की अनुमति होगी।
अधिकारियों ने पूजा समितियों से अपील की कि ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पूरी तरह पालन करें और पूजा के दौरान किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि न हो जिससे आम लोगों को परेशानी हो या शांति व्यवस्था प्रभावित हो।
सभी पंडालों में सीसीटीवी और अग्नि सुरक्षा पर जोर
बैठक में सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अग्नि सुरक्षा को लेकर पंडालों के बाहर पर्याप्त मात्रा में बालू और पानी की व्यवस्था रखने को कहा गया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों से स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।
20 अक्टूबर को रावण दहन, 21 अक्टूबर को होगा प्रतिमा विसर्जन
बैठक में जानकारी दी गई कि रामनगर पूजा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को सेल फुटबॉल मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा के उपस्थित रहने की जानकारी दी गई।
वहीं गुवा क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं का 21 अक्टूबर को कुसुम घाट स्थित कारो नदी तट पर विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
शराबियों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी विशेष नजर
दुर्गा पूजा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से शराबियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने की बात कही गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
श्रद्धालुओं से पंडालों के आसपास सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने की अपील की गई, ताकि पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
पूजा समितियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। इसलिए सभी पूजा समितियां प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने में सहयोग करें। किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
बैठक में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे। बैठक के दौरान पूजा आयोजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से दुर्गा पूजा संपन्न कराने को लेकर सभी ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।
साधु चरण सिद्धू, गुवा।
