Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने मजदूर का भेष बनाकर बंद घर को निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवरात, नगदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए। यह वारदात गुरुद्वारा रोड स्थित विश्वनाथ मंदिर के सामने खान बिल्डिंग में शनिवार सुबह हुई।
जानकारी के अनुसार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव अखिलेश्वर दुबे अपने बेटे की शादी की तैयारी के सिलसिले में पूरे परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:30 बजे नकाबपोश अपराधी मजदूरों की तरह बिल्डिंग में दाखिल हुए। पहले उन्होंने मुख्य गेट का ताला तोड़ा, फिर कमरे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी व बक्सों में रखे जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान समेटकर आसानी से निकल गए।
स्थानीय लोगों को लगा कि घर में मरम्मत या निर्माण कार्य चल रहा है, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने दरवाजा टूटा देखा तो चोरी का खुलासा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय युवकों और प्रशासन की तत्परता से दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य फरार हो गए।
बिल्डिंग मालिक उमाकांत सिंह ने बताया कि सुबह मजदूरों की आवाजाही सामान्य लगी, जिससे किसी ने ध्यान नहीं दिया। वहीं विकास सिंह ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि नशेड़ी गिरोहों की सक्रियता के कारण वारदातें बढ़ रही हैं और पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा।
—

