जमशेदपुर : शहर में महिलाओं और किशोरियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच कदमा थाना क्षेत्र से एक किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस से संपर्क कर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार, बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया निवासी रवि यादव पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। शिकायत के आधार पर कदमा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किशोरी को जान-पहचान का लाभ उठाकर ले जाया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
कदमा थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से काम कर रही है।

