जमशेदपुर :
झारखंड में चल रहे आम निकाय चुनाव के बीच जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय का एक अहम बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यदि मुस्लिम समुदाय को यह महसूस होता है कि निकाय चुनाव में उनसे अपेक्षा की जा रही है, वह भी उन राजनीतिक दलों की ओर से जिनसे उन्हें समर्थन की उम्मीद रहती है, तो समुदाय को आपस में बैठक कर एकजुट निर्णय लेना चाहिए कि किसे वोट देना है।
विधायक सरयू राय यह बयान मानगो नगर निगम क्षेत्र में एनडीए समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित वार्ता के दौरान दे रहे थे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि एनडीए को मुस्लिम समुदाय से अधिक अपेक्षा नहीं है और न ही मुस्लिम समुदाय एनडीए से किसी खास अपेक्षा के साथ जुड़ा रहा है।
सरयू राय ने यह भी कहा कि यदि मुस्लिम समाज को यह लगता है कि न लोकसभा और न ही विधानसभा चुनाव में उनके समुदाय से उम्मीदवार खड़े किए जाते हैं, तो निकाय चुनाव में उन्हें खुद एकजुट होकर यह तय करना चाहिए कि पूरा समाज किस प्रत्याशी को समर्थन देगा।
उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता पर परोक्ष कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन इशारों में दिया गया संदेश काफी स्पष्ट माना जा रहा है।

